Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ जिला संघ दुर्ग के वार्षिक कार्यक्रम के तहत विकासखंड पाटन में आयोजित चार दिवसीय तृतीय सोपान स्काउट-गाइड जांच शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ। स्वामी आत्मानंद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटन में 27 से 30 जुलाई तक आयोजित इस शिविर में विभिन्न विद्यालयों के 49 स्काउट्स और 47 गाइड्स सहित कुल 96 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों को अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना सिखाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि सफलता हमेशा स्पष्ट उद्देश्य और निरंतर प्रयास से मिलती है।
शिविर में प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, पायोनियरिंग, गांठें, स्ट्रेचर निर्माण, सैल्यूट, बाएं हाथ से अभिवादन सहित विभिन्न व्यवहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पार्षद एवं एसएमडीसी अध्यक्ष निशा सोनी, नगर पंचायत सभापति केवलचंद देवांगन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार महिलांगे तथा प्राचार्य पी.एल. सिन्हा सहित कई अतिथि मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने स्काउट-गाइड गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम बताया।
समापन अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिविर के अनुभव साझा किए। शिविर के सफल संचालन में बालक दास राउत, ललित कुमार बिजौरा, मोहनलाल साहू, कल्पना शुक्ला, ममता राजपूत, चंचल द्विवेदी, अन्नपूर्णा रामटेके सहित सर्विस रोवर-रेंजर टीम का विशेष योगदान रहा।
