Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। जिले के लोरमी विकासखंड स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र के कई गांवों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर प्रभावित गांवों में मलेरिया नियंत्रण, समय पर उपचार और संक्रमण की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार गांवों का दौरा कर हालात की निगरानी कर रही हैं।
एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तिलईडबरा, बहाउड़, सारसडोल, जमुनाही, अतरियाखार और राजक गांवों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, सर्वे कार्य और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज तक समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सभी मलेरिया पीड़ितों का इलाज किया जा रहा है। गंभीर मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य मरीजों की नियमित जांच और निगरानी की जा रही है। मितानिनों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर रही हैं तथा संदिग्ध मरीजों की मौके पर जांच कर उपचार शुरू किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में रैपिड डायग्नोस्टिक (आरडी) किट और मलेरिया रोधी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया गया है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि हर मरीज तक समय पर उपचार पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से मच्छरदानी का उपयोग करने, पूरे बाजू के कपड़े पहनने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा सुरक्षित पानी पीने की अपील की है। मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
