Dhamtari News: उफनते नदी-नालों का कहर: 9 वर्षीय छात्र पांच दिन से लापता, प्रशासन अलर्ट

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश जानलेवा साबित हो रही है। सिहावा थाना क्षेत्र में सामने आई तीन अलग-अलग घटनाओं ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है। सेमरा एनीकट में बह गए एक मछुआरे का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया है, जबकि चौथी कक्षा का एक 9 वर्षीय छात्र और एक अन्य व्यक्ति अब भी लापता हैं। पुलिस और प्रशासन दोनों की तलाश में लगातार रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट गए थे। इसी दौरान जलस्तर अचानक बढ़ने से रपटे पर तेज बहाव आ गया और वह पानी में बह गए। घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने लगातार खोजबीन की। दो दिन की मशक्कत के बाद उनका शव बरामद कर लिया गया।

वहीं, सिरसिदा गांव का रहने वाला चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र खेलते हुए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और प्रशासन लगातार उसकी तलाश में जुटे हैं।

इसी बीच बाढ़ की चपेट में एक अन्य व्यक्ति के भी लापता होने की सूचना है। पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि लापता छात्र भी उफनते नदी-नाले के तेज बहाव में बह गया होगा, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी, नालों और एनीकट के पास जाने से बचने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *