Bilaspur News: नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में बिलासपुर पुलिस अव्वल, डिजिटल पुलिसिंग में बनाया नया रिकॉर्ड

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। आधुनिक तकनीक के व्यापक उपयोग से जिले की विवेचना प्रणाली अब पूरी तरह डिजिटल, पारदर्शी और समयबद्ध होती जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के सभी थानों में डिजिटल सिस्टम लागू कर जांच प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2024 से लागू नए आपराधिक कानूनों के तहत जिले के सभी विवेचकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए गए हैं, जिसके तहत 1,386 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को eSakshya प्रणाली का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके साथ ही eSummons, eMalkhana, MedLeaPR, eFSL और eProsecution जैसी आधुनिक डिजिटल प्रणालियों का भी सफल संचालन किया जा रहा है।

डिजिटल पुलिसिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान

बिलासपुर पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। CCTNS के माध्यम से 1 लाख 31 हजार 957 ऑनलाइन मालखाना प्रविष्टियां दर्ज कर जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। वहीं डीजी-आईजी डैशबोर्ड पर 22 हजार से अधिक प्रविष्टियों के जरिए थानों की निगरानी में भी बिलासपुर पहले स्थान पर बना हुआ है।

हजारों डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन जांच

eSakshya के तहत अब तक 13 हजार 737 डिजिटल साक्ष्य आईडी तैयार की गई हैं, जबकि 9,656 एफआईआर को डिजिटल साक्ष्यों से जोड़ा जा चुका है। इससे विवेचना प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और साक्ष्य आधारित बन रही है।

फॉरेंसिक और अभियोजन प्रक्रिया भी हुई ऑनलाइन

पुलिस ने MedLeaPR के माध्यम से 2,543 एमएलसी और 179 पोस्टमार्टम रिपोर्ट ऑनलाइन प्राप्त की हैं। वहीं eFSL पोर्टल के जरिए 349 प्रकरण फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। eProsecution प्रणाली में 1,081 मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि की गई है। इसके अलावा 660 दस्तावेजों पर ई-साइन के माध्यम से डिजिटल हस्ताक्षर किए गए हैं।

ऑनलाइन समंस और वारंट जारी

eSummons प्रणाली के जरिए अब तक 537 समंस, 468 वारंट और 421 नोटिस ऑनलाइन जारी किए जा चुके हैं। इससे न्यायिक प्रक्रिया को अधिक तेज और प्रभावी बनाने में मदद मिली है।

जनजागरूकता अभियान भी जारी

एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने कहा कि बिलासपुर पुलिस आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही नए आपराधिक कानूनों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *