Pendra News: पेण्ड्रारोड को मिला अत्याधुनिक अतिरिक्त न्यायालय भवन, मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने वर्चुअल माध्यम से किया लोकार्पण

Chhattisgarh Pendra News: पेंड्रा। छत्तीसगढ़ की न्यायिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से पेण्ड्रारोड के नव निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं बिलासपुर जिले के पोर्टफोलियो जज न्यायमूर्ति रविन्द्र कुमार अग्रवाल, प्रथम न्यायाधीश अरविंद कुमार, न्यायाधीश महेश बाबू, न्यायाधीश एकता अग्रवाल, कलेक्टर विजय कुमार दयाराम, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी सहित न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में न्यायिक अधोसंरचना को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेण्ड्रारोड में बने इस नए अतिरिक्त न्यायालय भवन से न्यायिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम नागरिकों को बेहतर न्यायिक सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह न्यायालय भवन विशेष रूप से वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को त्वरित, पारदर्शी, सहज और सुगम न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी न्यायिक अधोसंरचना के विकास का कार्य निरंतर जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों की न्याय तक पहुंच और अधिक आसान हो सके।

मुख्य न्यायाधीश ने बताया कि हाल ही में उन्होंने बिलासपुर जिले के बिल्हा में निर्मित नए न्यायालय भवन का लोकार्पण किया था और शीघ्र ही पेण्ड्रारोड स्थित इस नव निर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का भी भ्रमण करेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि पर न्यायिक अधिकारियों, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ता संघ और क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

समारोह में अधिवक्ताओं ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पेण्ड्रारोड की न्यायिक व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। नए न्यायालय भवन में आधुनिक कोर्ट रूम, वादकारियों के लिए बेहतर प्रतीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा के समुचित इंतजाम तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रथम न्यायाधीश अरविंद कुमार ने आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान अतिथियों ने नव निर्मित न्यायालय भवन का अवलोकन कर इसकी आधुनिक संरचना और सुविधाओं की सराहना की। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *