Bilaspur News: सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट के बाद जमकर पथराव, TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाने के टीआई रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से मारपीट और गाली-गलौज के साथ एक-दूसरे पर पथराव किया गया। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक पक्ष के युवक के साथ मारपीट के बाद विवाद और बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते इलाके में जमकर हंगामा शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। पथराव के दौरान तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आई। वहीं तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कई बार बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। युवकों को मौके से खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। विधायक सुशांत शुक्ला समेत स्थानीय नागरिक भी थाने पहुंचे और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर युवकों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया गया।

पथराव के बाद देर रात तक इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। कोतवाली थाने के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़कों पर युवकों की ओर से नारेबाजी की गई। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *