CG Weather: छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदली करवट: अगले 3 दिन बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

weather

Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज आंधी चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

इसी बीच कोरबा जिले के लेमरू क्षेत्र में शुक्रवार को आए आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल में अपनी लापता बकरी की तलाश कर रहे पति-पत्नी पर अचानक पेड़ गिर गया। हादसे में शिवरतन माझी (54) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार जारी है।

तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

इस वजह से बदल रहा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मध्य पाकिस्तान से बांग्लादेश तक एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *