Bastar News: महतारी वंदन योजना में जांच के बाद बड़ा एक्शन, 2 हजार मृत महिलाओं के नाम हटे

Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। साय सरकार की महतारी वंदन योजना में अपात्र तरीके से लाभ लेने के मामलों की जांच के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले में 5925 महिला हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए हैं। इनमें करीब 2 हजार ऐसे हितग्राही शामिल हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी। वहीं अन्य मामलों में दस्तावेजों में गड़बड़ी या सरकारी सेवा में रहते हुए योजना का लाभ लेने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 5600 हितग्राहियों ने अब तक अपना E-KYC नहीं कराया है, ऐसे में इनके नाम भी सूची से हटाए जाने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, कई मामलों में हितग्राही की मृत्यु की जानकारी देर से मिलने के कारण उनके खातों में योजना की राशि जारी हो गई थी। जांच के बाद मृत हितग्राहियों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं, जबकि अपात्र पाए गए हितग्राहियों को फिलहाल होल्ड में रखा गया है। विभाग द्वारा ऐसे मामलों में अब तक 5 लाख 80 हजार 800 रुपये की राशि की रिकवरी की जा चुकी है।

महतारी वंदन योजना के तहत राज्य सरकार महिला हितग्राहियों को हर महीने एक हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजती है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को नियमित रूप से आर्थिक सहायता दी जाती है। इसी बीच बस्तर जिले में 5600 हितग्राहियों के E-KYC नहीं होने के कारण विभाग ने उनका सत्यापन तेज कर दिया है।

विभाग अब E-KYC नहीं कराने वाले हितग्राहियों की पात्रता और वास्तविक स्थिति की जांच कर रहा है। सत्यापन के दौरान यदि कोई हितग्राही अपात्र पाया जाता है या योजना की शर्तों को पूरा नहीं करता है तो उसका नाम सूची से हटाया जा सकता है। इससे आने वाले दिनों में योजना की सूची में और बदलाव होने की संभावना है।

बता दें कि महतारी वंदन योजना शुरू होने के पहले महीने में बस्तर जिले की करीब 1 लाख 94 हजार महिलाओं को पहली किस्त का भुगतान किया गया था। अब विभाग की जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से योजना के लाभार्थियों की सूची में महत्वपूर्ण बदलाव आया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *