Balod News: तेज रफ्तार का कहर, कार पेड़ से टकराई तो स्कॉर्पियो ने राज मिस्त्री को मारी टक्कर

Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के दुर्ग और बालोद जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। दुर्ग में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। वहीं बालोद जिले में बाइक सवार राज मिस्त्री को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के अनुसार, सुपेला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 पर कोसानाला के पास रविवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। वाहन मुख्य मार्ग से सर्विस लेन पार करते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में प्रतीक ठाकुर (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भास्कर कुमार निषाद (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए बीएम शाह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीएसपी निशांत पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम का माहौल है।

इधर, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के मड़ियाकट्टा गांव में देर रात एक अन्य दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे राज मिस्त्री की बाइक को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान परस राम पिस्दा (42), निवासी ग्राम कोटागांव के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने घर से परसोदा गांव में मिस्त्री का काम करने गया था। देर रात काम खत्म करने के बाद वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान मड़ियाकट्टा गांव के पास स्कॉर्पियो वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है। दोनों हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *