Bijapur News: जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान 14 नक्सल डंप बरामद, 10 IED समेत हथियार जब्त

Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 199वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल क्षेत्र से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं। 5 सितंबर 2026 को सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने एड़ी, हर्री, नयापारा एवं सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा गांवों के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।

विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट-199 वाहिनी आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने अभियान शुरू किया। बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका तथा एफ-199 कंपनी निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाया।

तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। बरामद सामान में 7 रायफल शामिल हैं, जिनमें एक 303 बोल्ट एक्शन रायफल, पांच भरमार रायफल और एक 12 बोर देशी रायफल शामिल है। इसके अलावा आठ डेटोनेटर, कोडेक्स वायर, 10 IED, बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट, चार प्लास्टिक कंटेनर और तीन बड़े स्टील कंटेनर भी बरामद किए गए।

सर्च ऑपरेशन के दौरान IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं बरामद की गई हैं। जवानों ने अभियान के दौरान अत्यंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी ली।

एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में नक्सली प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की बात कही गई है। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि बल आम नागरिकों की सुरक्षा, क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से संचालित किया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *