Surajpur News: शुक्रवार से लापता थे मां-बेटे, शनिवार को अलग-अलग जगह मिले शव; पुलिस ने शुरू की जांच

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को पहले 18 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे मिला और देर शाम उसकी मां का शव घर के बंद कमरे में बरामद किया गया। दोनों शुक्रवार से लापता बताए जा रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महावीरपुर कालीघाट रोड के पास मुख्य मार्ग से करीब 25 मीटर दूर एक युवक का शव मिला था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान केशवनगर निवासी सजल बरेठ (18) के रूप में की। युवक की स्कूटी केशवनगर में नायरा पेट्रोल पंप के पास बरामद की गई। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

इसके बाद शनिवार देर शाम केशवनगर स्थित ममता कॉलोनी में किराए के मकान के बंद कमरे से सजल की मां रजनी बरेठ का शव मिला। वह बेलटिकरी विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। जानकारी के मुताबिक, उनका अपने पति से तलाक हो चुका था। मां और बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

घटना की सूचना मिलने पर जयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल और बंद कमरे से फिंगरप्रिंट सहित अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मौतों के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रतिनिधि ठाकुर राजवाड़े भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *