Dongargarh News: तेज रफ्तार बाइक और हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को किया परेशान, मना करने पर विवाद; तीन युवक एसडीएम न्यायालय में पेश

Chhattisgarh Dongargarh News: डोंगरगढ़। मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नवरात्रि के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती, प्रमुख पदयात्री मार्गों पर निगरानी और मंदिर की सीढ़ियों पर 24 घंटे पुलिस बल की मौजूदगी के बीच हुड़दंग करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में तेज रफ्तार बाइक चलाकर और तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान करने के मामले में तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान नुकेश यादव (22), आकाश ठाकुर (19) और हरपीत पटेल एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे और तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, श्रद्धालुओं ने जब युवकों को ऐसा करने से मना किया तो वे विवाद करने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि तीनों आक्रोशित हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए। इससे मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया।

कार्रवाई की जद में आए युवकों में नुकेश यादव और आकाश ठाकुर निवासी आरी तथा हरपीत पटेल निवासी झिटिया, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को परेशान करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

नवरात्रि में डोंगरगढ़ पहुंचने वाली बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, करीब 1200 पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। अंजोरा से डोंगरगढ़ तक प्रमुख पदयात्री मार्गों पर निगरानी रखी जाएगी, जबकि मंदिर की सीढ़ियों पर चौबीसों घंटे पुलिस बल मौजूद रहेगा, ताकि पैदल पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे और दर्शन के दौरान शांति व्यवस्था कायम रखी जा सके।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *