Chhattisgarh Latest News: रायगढ़ में कोलता समाज को मुख्यमंत्री की सौगात, कोतरलिया में 30 लाख और पुसौर में 50 लाख से बनेंगे सामुदायिक भवन

Chhattisgarh Latest News: रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति में अन्नदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में 30 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन और नगर पंचायत पुसौर में 50 लाख रुपये की लागत से कोलता समाज के मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की। इस अवसर पर समाजजनों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक गजमाला पहनाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मां रणेश्वरी रामचंडी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नई फसल के स्वागत, किसानों के परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। ऐसे त्योहार हमारी समृद्ध कृषि संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती की लागत कम हो और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से कृषि को मजबूती मिले।

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायगढ़ अंचल के किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य शुरू किया गया है। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने और खेती की उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इनका उद्देश्य अधोसंरचना को मजबूत करना और किसानों, युवाओं तथा आम नागरिकों को विकास का लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस योजना के तहत प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि पक्का घर परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार प्रदान करता है तथा सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे।

सुशासन और जनसेवा पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक और आधुनिक व्यवस्थाओं के माध्यम से सरकारी सेवाओं तक आम लोगों की पहुंच आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में शांति तथा विश्वास का वातावरण बनाने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रभावित परिवारों का पुनर्वास करना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराना है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज की प्रगति का सशक्त माध्यम है। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार, समाज और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करने की परंपरा को शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने वाला प्रयास बताया।

वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कोलता समाज की ईमानदारी, परिश्रम, संस्कृति और संस्कारों की सराहना की। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रायगढ़ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए साकरा में लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर और सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, 100 बिस्तरों के अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। वित्त मंत्री ने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा भी की।

लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा की अहम भूमिका है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अच्छे संस्कार देने तथा समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने की अपील की।

कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और समाजजनों के साथ नुआखाई का पारंपरिक भोजन भी ग्रहण किया। इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, अरुणधर दीवान, गुरुपाल भल्ला, सुभाष पाण्डेय, श्रीकांत सोमावार, सत्यानंद राठिया, विकास केडिया सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कोलता समाज के लोग उपस्थित रहे।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *