Durg News: प्रेमिका के मंगेतर पर जानलेवा हमला, आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से किया वार; आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर धारदार हथियार से वार किया गया। घटना में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अमित कुमार बंजारे ने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान किरण ने अमित से विवाह करने के लिए आधार कार्ड की आवश्यकता बताते हुए आरोपी से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद दीपक गुप्ता ने अमित कुमार बंजारे को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां उसने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और हत्या की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

हमले में घायल अमित को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे दुर्ग रेफर किया गया। शिकायत के आधार पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया। इसके बाद आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। किसी भी विवाद में हिंसा का सहारा न लें और गंभीर स्थिति या संभावित अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *