Dhamtari News: छिपली गांव में दशहरे की खुशियां बदलीं अफरा-तफरी में, आग की चपेट में आए रामलीला के कलाकार

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के नगरी क्षेत्र के छिपली गांव में दशहरे के अवसर पर रामलीला मंचन के दौरान आग भड़कने से बड़ा हादसा हो गया। फ्लेमेबल स्प्रे से निकली आग की चपेट में आने से हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत तीन लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हेमंत की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, दशहरे पर गांव में रामलीला मंचन और रावण दहन का आयोजन किया गया था। इसी दौरान कुछ लोग फ्लेमेबल स्प्रे के जरिए आग का प्रदर्शन कर रहे थे। तभी स्प्रे से निकली आग अचानक भड़क गई और हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत अन्य लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में झुलसे हेमंत ध्रुव को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने आग से बचने की कोशिश की, जबकि मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटों के बीच लोग खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। दशहरे के आयोजन के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था और आग के साथ किए जाने वाले प्रदर्शन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *