Korba News: दशहरा उत्सव के दौरान युवक की हत्या से मचा हड़कंप, आरोपियों का अर्धमुंडन कर निकाला जुलूस

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा उत्सव के दौरान डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का बिट्टू चौहान से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि डांस के दौरान राहुल ने बिट्टू को धक्का देकर थप्पड़ मार दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त विजय चौहान को भी राहुल ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सीपू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल को पीछे की गली में ले जाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में राहुल पर 6 से 7 वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

एएसपी लखन पटले के मुताबिक, युवक की हत्या के मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चौथा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है।

घटना के बाद गिरफ्तार आरोपियों का अर्धमुंडन कर जुलूस निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। मामले से जुड़ा लाइव वीडियो सामने आने के बाद घटना की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि मंत्री लखन लाल देवांगन के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले यह वारदात हुई। दशहरा जैसे सार्वजनिक आयोजन के दौरान हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *