Raipur Latest News: सिंधी समाज के लिए गौरव का क्षण, माता साहिब हासी देवी की स्मृति में जारी हुआ विशेष सिक्का

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और सिंधी समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी के सम्मान में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया गया है। सिंधी समाज के लिए इसे ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लोगों के बीच भी इस पहल को लेकर उत्साह है।

स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *