Raipur News: अमलीडीह में धर्म परिवर्तन के दबाव और मारपीट का मामला, विशाखा मसीह और दुलारी साहू पर केस दर्ज

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के अमलीडीह इलाके में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि परिवार के सदस्यों पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और असहमति जताने पर उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि परिवार की छोटी बेटी का पहले ही धर्म परिवर्तन कराया जा चुका है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों पर भी ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर परिवार के सदस्यों के साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। इसके अलावा घर में ताला लगाने और इलाज के लिए बाहर नहीं जाने देने की बात भी कही गई है। परिवार ने अपने 16 वर्षीय बेटे को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन दिए जाने का आरोप भी लगाया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर विशाखा मसीह और दुलारी साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 2026 की धारा 16(1) के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *