Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में चयनित 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में अपनी सेवाएं देंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी उम्मीद रखते हैं। ऐसे में कर्मचारियों का अच्छा व्यवहार, तत्परता और समर्पण मरीजों का स्वास्थ्य व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव हैं। राज्य सरकार शहरों के साथ-साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। इसके तहत नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास और स्वास्थ्य विभाग में मानव संसाधन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
स्टाफ नर्स सहित इन पदों पर हुई नियुक्तियां
स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों के कुल 520 पदों पर चयनित कर्मचारियों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला के 94, फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पद शामिल हैं। इन कर्मचारियों की नियुक्ति से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में मदद मिलेगी।
जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में निभाएंगे जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जिन 14 जिलों में नवनियुक्त कर्मचारियों की पदस्थापना की जाएगी, उनमें अधिकांश जनजातीय बहुल जिले हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर उपचार प्राप्त करने में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से अपील की कि वे अपनी पदस्थापना वाले क्षेत्रों में लोगों के विश्वास पर खरा उतरते हुए ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करें, ताकि जरूरतमंदों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
