Mungeli Latest News: 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा मुंगेली का त्यौहार, स्थानीय उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेगा मंच

Chhattisgarh Mungeli News: मुंगेली। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ‘मुंगेली व्यापार मेला-2026’ के ब्रॉशर का विमोचन किया। पिछले दस वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा ‘मुंगेली का त्यौहार’ इस वर्ष अपने 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा। सात दिवसीय यह मेला 27 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में व्यापारिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन के विविध आयोजन होंगे।

ब्रॉशर विमोचन से पहले स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, मुंगेली के प्रतिनिधिमंडल ने न्यू सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मेले का आमंत्रण पत्र सौंपकर उद्घाटन समारोह में शामिल होने का आग्रह किया। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित होने का आश्वासन देते हुए आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजन समिति के संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर, सह-संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव सहित सूरज मंगलानी, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, कोमल चौबे, संदीप सिंह और राहुल मल्लाह उपस्थित रहे।

दस वर्षों की सफल यात्रा पूरी कर चुका मुंगेली व्यापार मेला जिले के प्रमुख आयोजनों में अपनी पहचान बना चुका है। यह मेला व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय उद्यमियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों, महिला स्व-सहायता समूहों और नए व्यवसायियों को अपने उत्पादों और प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।

इस वर्ष मेले में देशभर के विभिन्न उत्पादों के साथ हस्तशिल्प, टेराकोटा, खादी एवं ग्रामोद्योग, बस्तर आर्ट, महिला गृह उद्योग, हर्बल उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल और लघु-कुटीर उद्योगों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

व्यापारिक गतिविधियों के साथ प्रतिदिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में झूला घर, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला-संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। यह आयोजन बच्चों, युवाओं और परिवारों के लिए मनोरंजन का अवसर उपलब्ध कराने के साथ जिलेवासियों को मेल-मिलाप और उत्सव के माहौल से जोड़ने का प्रयास करेगा।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *