Korba Latest News: मुड़ापार में एक ही रात में दो सड़क हादसे, ट्रेलरों की भिड़ंत से सुबह तक लगा जाम

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। शहर के मुड़ापार इलाके में एक ही रात में हुए दो सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। एक ओर तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं दूसरी ओर दो ट्रेलरों की भिड़ंत के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। लगातार हो रही दुर्घटनाओं और भारी वाहनों की आवाजाही से परेशान स्थानीय पार्षद ने व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

मुड़ापार मुख्य मार्ग पर पहला हादसा रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।

वहीं, दूसरा हादसा मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद दोनों चालकों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे, जिसके कारण रात से सुबह तक जाम की स्थिति बनी रही। इससे स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कई बार की जा चुकी है और इस संबंध में पत्राचार भी किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पार्षद के मुताबिक, नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहन क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार कर कार्रवाई नहीं की गई तो स्थानीय लोग आंदोलन करेंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *