Chhattisgarh Hockey League: मैनपाट टाइटंस के नाम छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला खिताब, मोहित नायक बने सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी

Chhattisgarh Hockey League 2026: रायपुर: मैनपाट टाइटंस छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की पहली चैंपियन बन गई है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन संस्करण के फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मैच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई विशिष्ट जनों की मौजूदगी में खेला गया। इस दौरान विजेता टीम, उपविजेता टीम और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

मैनपाट टाइटंस ने 4-2 से जीता फाइनल

मैनपाट टाइटंस ने मैच की तेज शुरुआत की और शुरुआती मिनटों में कई अच्छे मूव बनाए। टीम ने शुरुआत में ही सर्कल में प्रवेश किया। हालांकि काउंटर पर शाहरुख को एक मौका मिला, लेकिन उनके शॉट को डिफेंडर ने रोक दिया।

तीसरे क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस ने रुख बदलने की कोशिश की। संदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि मैनपाट की बढ़त ज्यादा देर नहीं रही और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने भी पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

अंतिम समय में दो गोल कर मैनपाट ने जीता खिताब

मैच के अंतिम समय में मैनपाट टाइटंस ने बेहतर टीमवर्क का प्रदर्शन किया और दो और गोल दाग दिए। इसके साथ ही टीम ने मुकाबला 4-2 से अपने नाम करते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन संस्करण की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

छह फ्रेंचाइजी टीमों ने लिया था हिस्सा

छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया था। उद्घाटन संस्करण के फाइनल में मैनपाट टाइटंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने थीं।

21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी गई

लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई। विजेता मैनपाट टाइटंस को 11 लाख रुपये और उपविजेता संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 6 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

शाहरुख अली बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। आशीष तानी पूर्ति ने 13 गोल के साथ लीग के टॉप स्कोरर का खिताब हासिल किया। हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।

मोहित नायक बने सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी

स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया। वहीं संदीप कुमार को लीग का इमर्जिंग प्लेयर (U-21) चुना गया।

अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच अवॉर्ड

फाइनल मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया, जबकि मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *