Chhattisgarh Latest News: मुख्य प्रवक्ता पद के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ी, निजी कारणों का दिया हवाला

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और अधिवक्ता भगवानू नायक ने अपने पद के साथ प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आज पार्टी सुप्रीमो डॉ. रेणु जोगी को अपना त्यागपत्र सौंपा। इस्तीफे में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में उनके लिए पार्टी को अपेक्षित समय देना संभव नहीं है।

भगवानू नायक ने अपने त्यागपत्र में स्पष्ट किया है कि वह स्वेच्छा से मुख्य प्रवक्ता का पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और जनता कांग्रेस के संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी के साथ बिताया समय उनके सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है। अजीत जोगी के सानिध्य में उन्हें राजनीति, जनसेवा और छत्तीसगढ़ के हितों के लिए आवाज उठाने की सीख मिली।

नायक ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमित जोगी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अमित जोगी ने उन्हें छोटे भाई की तरह सम्मान, सहयोग और विश्वास दिया। पार्टी के पद और सदस्यता से अलग होने के बावजूद जोगी परिवार के प्रति उनका सम्मान और व्यक्तिगत संबंध पहले की तरह बने रहेंगे।

भगवानू नायक ने अपने पत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं, मीडिया जगत और छत्तीसगढ़ की जनता से मिले सहयोग एवं सम्मान के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इस्तीफा बिना किसी कटुता, शिकायत या व्यक्तिगत मतभेद के लिया गया निर्णय है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *