CG Weather News: मानसून ने दी राहत, लेकिन बारिश ने बढ़ाई परेशानी, कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रही बाधित

Chhattisgarh Weather Update: रायगढ़। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने लगी है। पिछले कई दिनों से तेज धूप, गर्म हवाओं और बढ़ी हुई उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया था और लोग बेसब्री से मानसून के आगमन का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को मौसम में अचानक बदलाव आया और दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के साथ बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

रायगढ़ में बदला मौसम, तापमान में आई गिरावट

पिछले कुछ दिनों से रायगढ़ जिले का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे लोग गर्मी से बेहाल थे। सोमवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मौसम के इस बदलाव से अधिकतम तापमान घटकर 37.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन पूरे सप्ताह आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

पहली बारिश में खुली नगर की सफाई व्यवस्था की पोल

मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की हकीकत भी उजागर कर दी। करीब पौने घंटे तक हुई बारिश के दौरान गंधरी पुलिया के पास नाले का गंदा पानी सड़क पर भर गया। जलभराव के कारण वहां स्थित चेंबर भी प्रभावित हुआ और घुटनों तक पानी जमा होने से यह मार्ग कुछ समय के लिए पूरी तरह आवागमन के लिए बंद हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नालों की नियमित सफाई नहीं होने को जलभराव का मुख्य कारण बताया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश

सोमवार को केवल शहर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सुबह तेज धूप रहने के बाद करीब 11 बजे से खड़गांव, धरमजयगढ़, छाल और आसपास के इलाकों में मौसम ने करवट ली। इन क्षेत्रों में लगभग दो घंटे तक तेज बारिश होती रही, जिससे खेतों और जल स्रोतों में पानी पहुंचा और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति प्रभावित

बारिश के दौरान छाल क्षेत्र सहित कई ग्रामीण इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिसके कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। कई गांवों और बस्तियों में कुछ समय के लिए बिजली गुल रही। हालांकि मौसम साफ होने के बाद बिजली विभाग की टीमों ने आपूर्ति बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया।

पूरे सप्ताह बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी रहेगी। पूरे सप्ताह आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं किसानों को भी खरीफ फसलों की तैयारी के लिए अनुकूल मौसम मिलने की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *