Raipur News: वाटर कूलर के पास करंट की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत, आरक्षक घायल

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को वाटर कूलर के पास करंट की चपेट में आने से 32 वर्षीय युवक रमेश ठाकुर की मौत हो गई। युवक को करंट लगा देखकर उसे बचाने पहुंचे पुलिस आरक्षक गणेश भी विद्युत प्रवाह की चपेट में आकर झुलस गए। घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक बिल्हा, जिला बिलासपुर निवासी रमेश ठाकुर किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास वह करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से रमेश मौके पर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए आसपास मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने प्रयास किया।

रमेश को बचाने पहुंचे आरक्षक गणेश भी करंट की चपेट में आ गए और घायल हो गए। इसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। हादसे में रमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल आरक्षक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सीएसईबी के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और वाटर कूलर सहित पूरे विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू की। वाटर कूलर में करंट कैसे आया और विद्युत प्रवाह फैलने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।

हादसे के बाद थाना परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने रमेश ठाकुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *