Chhattisgarh Latest News: कांकेर, बिलासपुर और दुर्ग की सड़क-रेल परियोजनाओं पर चर्चा, निर्माण कार्यों की रूपरेखा तैयार

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। आगामी बजट से पहले राज्य में प्रस्तावित निर्माण और विकास कार्यों की तैयारी तेज कर दी गई है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और आगामी योजनाओं को लेकर आवश्यक रूपरेखा तैयार की गई।

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित निर्माण कार्यों की लागत के तुलनात्मक विश्लेषण में पूरी स्पष्टता रखी जाए, ताकि प्रत्येक परियोजना का उचित और वास्तविक लागत आकलन किया जा सके। उन्होंने आगामी बजट में शामिल किए जाने वाले महत्वपूर्ण कार्यों की समय रहते पहचान करने और उनके लिए जरूरी प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियां पहले से पूरी करने पर जोर दिया।

बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर-कांकेर-पखांजूर मार्ग पर पुल-पुलियों सहित सड़क निर्माण कार्य पर चर्चा हुई। इसके अलावा बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण और बिलासपुर जिले में फ्लाईओवर ब्रिज बनाने की योजना की समीक्षा की गई।

दुर्ग सहित अन्य क्षेत्रों में नगरी-कांकेर-भानुप्रतापपुर-मानपुर-राजनांदगांव-कवर्धा-फास्टरपुर-कुंडा मार्गों के साथ कुम्हारी-अहिवारा-धमधा-गंडई-साल्हेवारा मार्गों के उन्नयन और चौड़ीकरण कार्यों पर भी चर्चा की गई। इन परियोजनाओं की तैयारी और क्रियान्वयन से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश कुमार टोप्पो, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भुवनेश यादव और ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *