Raipur Latest News: सड़क हादसे में 35 वर्षीय मनोज धीवर की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क पर उतरे ग्रामीण

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जिले के आरंग क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरंग-भिलाई मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में मनोज धीवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। मृतक मनोज धीवर सुबह नहाने के लिए जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने चम्पारण रोड पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीण मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग तहसीलदार और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ग्रामीणों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रही है। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *