कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने दिए निर्देश, पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां तेज

National Pulse Polio Campaign in Raipur : रायपुर। जिले में 28 जून 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभा कक्ष में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिन्हित आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पूर्व वर्षों की तरह पोलियो बूथ स्थापित किए जाएं तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

1331 पोलियो बूथ बनाए जाएंगे

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि जिले में कुल 1331 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर चार टीकाकर्मियों की तैनाती होगी, जो दो टीमों में विभाजित होकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिले में 3 लाख 45 हजार 373 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

छूटे बच्चों तक पहुंचेगी टीम

अभियान के दिन किसी कारणवश खुराक से वंचित रहने वाले बच्चों को दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से न छूटे।

अभिभावकों से अपील

जिला स्वास्थ्य समिति रायपुर ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं। इससे बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकेगा।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती, सिविल सर्जन डॉ. भेनूज कुमार सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. श्वेता सोनवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *