CG News: मेडिकल कॉलेजों को लेकर कांग्रेस-सरकार आमने-सामने, स्वास्थ्य मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना

Medical Colleges Accreditation Issue: रायपुर। छत्तीसगढ़ के पांच नए मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से मान्यता नहीं मिलने के मामले में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर अधिक खुश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है और राज्य सरकार ने NMC के समक्ष अपील दायर कर दी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “कांग्रेस ज्यादा खुश न हो, मैच अभी बाकी है। हमें पूरा विश्वास है कि अपील पर सकारात्मक फैसला आएगा और इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई शुरू हो जाएगी।” उन्होंने कहा कि विपक्ष को मेडिकल कॉलेजों के खुलने का स्वागत करना चाहिए, लेकिन इसके बजाय कांग्रेस राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस नहीं चाहती कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज शुरू हों और मनेन्द्रगढ़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।

स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के कार्यकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय अस्पतालों का निर्माण कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पाया था, जबकि वर्तमान सरकार ने मेडिकल कॉलेजों के लिए 109 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने बताया कि पांचों मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य जारी है।

जायसवाल ने दावा किया कि सरकार ने NMC की लगभग 99 प्रतिशत गाइडलाइन का पालन कर लिया है। 220 बिस्तरों वाले अस्पताल तैयार हैं और आवश्यक फैकल्टी सहित प्रोफेसरों की नियुक्तियां भी की जा चुकी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही आयोग से मान्यता प्राप्त हो जाएगी।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने हाल ही में इंफ्रास्ट्रक्चर, फैकल्टी और जरूरी दस्तावेजों की कमी का हवाला देते हुए छत्तीसगढ़ के पांच नए मेडिकल कॉलेजों के आवेदन फिलहाल खारिज कर दिए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने पुनर्विचार और अपील की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब सभी की नजर NMC के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *