Raipur Oil Factory Fire: रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में सैंपल लेने की प्रक्रिया के दौरान वाल्व ठीक से बंद नहीं हो पाया, जिससे गर्म पदार्थ बाहर निकल गया। ऑक्सीजन के संपर्क में आते ही सेल्फ इग्नीशन की प्रक्रिया शुरू हो गई और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
हादसे में सैंपल ले रहे एक कर्मचारी के हाथ में हल्की चोट आई है। घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर में कुछ समय तक धुएं का घना गुबार छाया रहा, जिससे आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया और बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल बिल्डिंग में भी भीषण आग लगी थी। उस घटना में फायर ब्रिगेड को करीब 11 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी थी। आग दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई थी, जिसके बाद जेसीबी की मदद से भवन का हिस्सा तोड़कर आग पर काबू पाया गया था। इस ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
