Narayanpur News: दूरस्थ गांव मसपुर में सहायता एवं जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

Chhattisgarh Narayanpur News: नारायणपुर। अबूझमाड़ क्षेत्र के दूरस्थ और दुर्गम गांवों में लगातार सामाजिक सेवा एवं जागरूकता अभियान चला रही माड़ रक्षा सेवा संस्था ने ग्राम मसपुर में सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों को नशामुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया।

संस्था द्वारा आयोजित यह शिविर नारायणपुर जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे ग्राम मसपुर में लगाया गया। शिविर के दौरान ग्रामीण परिवारों को नए कपड़े और चप्पलों का वितरण किया गया। वहीं महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।

बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री भी प्रदान की गई। संस्था के सदस्यों ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है और बच्चों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, शिक्षा का महत्व, स्वच्छता, सामाजिक कुरीतियों से होने वाले नुकसान तथा सकारात्मक सामाजिक बदलाव के बारे में जागरूक किया गया। नाटक के जरिए यह संदेश दिया गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता से ही समाज का समग्र विकास संभव है।

कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संस्था के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देते हुए ग्रामीणों तथा संस्था के सदस्यों ने पारंपरिक गोंडी गीतों का गायन किया और गोटुल में सामूहिक नृत्य भी किया। इससे ग्रामीणों और संस्था के सदस्यों के बीच आत्मीय संवाद और सांस्कृतिक सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष शशांक तिवारी, सचिव कोमल उसेंडी सहित संदीप मिश्रा, सदफ़ अंजुम, कनेश्वरी दुग्गा, अम्बिका नाग, धनेश्वरी परिहार, विनय चंदेल, हिमांशु कोर्राम, रोशन मंडावी एवं अभय पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि माड़ रक्षा सेवा संस्था वर्ष 2019 से अबूझमाड़ क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी दूरस्थ गांवों में ऐसे सहायता एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *