Bilaspur News: कोयले में मिलावट कर लाखों की अफरा-तफरी, फरार आरोपी अजय सिंह गिरफ्तार

Bilaspur News: बिलासपुर। दीपका कोल माइंस से कोयला चोरी कर उसमें मिलावट करने के चर्चित मामले में सकरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

कोयला जांच में खुला था बड़ा खेल

पुलिस के अनुसार भाटिया एनर्जी एंड कोल बेनिफिकेशन, लोखंडी के प्रतिनिधि आरके पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून को दीपका कोल माइंस से एफ/जी ग्रेड का कोयला मंगाया गया था। 10 जून को कोयला अलग-अलग ट्रेलरों से प्लांट पहुंचा, लेकिन लेबोरेटरी जांच में कोयले की गुणवत्ता निर्धारित ग्रेड के अनुरूप नहीं पाई गई।

पूछताछ में सामने आई चोरी और मिलावट

जांच के दौरान ट्रेलर चालकों ने खुलासा किया कि मूल कोयले की चोरी कर उसमें निम्न गुणवत्ता वाला कोयला मिलाया गया था। आरोप है कि यह पूरा खेल बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के संचालकों और सुपरवाइजर की मिलीभगत से किया गया।

पहले छह आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

मामले की जांच के बाद पुलिस ने पहले ही झारखंड निवासी आशिक हुसैन अंसारी, फैजान रजा अंसारी, फुजैल अंसारी तथा बिलासपुर निवासी गौरव राजपूत, सीबु खान और दुर्ग निवासी दिलीप कुमार यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।

कोनी से दबोचा गया फरार आरोपी

घटना के बाद से फरार चल रहे अजय कुमार सिंह की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सकरी पुलिस ने कोनी क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जांच जारी, सामने आ सकते हैं और खुलासे

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। कोयला चोरी और मिलावट के इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच में और महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *