Guna News: गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार को एक भयावह सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। चाचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज बाईपास स्थित नेशनल हाईवे-46 पर एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया।
आग की लपटों में फंसा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर के पुलिया में गिरते ही उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक वाहन से बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही मिनटों में पूरा कंटेनर आग का गोला बन गया और चालक की अंदर ही दर्दनाक मौत हो गई। उसकी बॉडी बुरी तरह जल गई।
क्लीनर की हालत गंभीर
हादसे में कंटेनर का क्लीनर मनीष बघेल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गुना जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
भोपाल जा रहा था कंटेनर
जानकारी के अनुसार राजस्थान पासिंग नंबर का कंटेनर शिवपुरी-गुना मार्ग से होते हुए ब्यावरा के रास्ते भोपाल की ओर जा रहा था। बीनागंज बाईपास के पास अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर पुलिया के नीचे जा गिरा। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कंटेनर से चालक का शव बाहर निकाला गया।
जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी मनोज कुमार झा ने बताया कि हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि घायल क्लीनर का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
