Chhattisgarh News: विदेश बैठे महादेव ऐप के मास्टरमाइंड पर कसा शिकंजा, रेड कॉर्नर नोटिस एक्टिव, संपत्ति जब्ती की तैयारी

Chhattisgarh News: देश के चर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच को आगे बढ़ाते हुए विशेष अदालत में छह नई चार्जशीट दाखिल की हैं। एजेंसी ने भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से जुड़े मामलों में सिंडिकेट के छह प्रमुख आरोपियों को नामजद किया है। साथ ही महादेव ऐप के मुख्य सूत्रधारों के खिलाफ पूरक साक्ष्य भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए गए हैं।

सीबीआई की ओर से दाखिल आरोपपत्रों में आशिम दास, रोहित गुलाटी, विकास छपारिया, अनिल धम्मानी, विशाल आहूजा और धीरज आहूजा के नाम शामिल हैं। इन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा एजेंसी ने समानांतर जांच में कुल 66 आरोपियों को शामिल करते हुए पांच अन्य चार्जशीट भी पेश की हैं, जिनमें कथित बेटिंग सिंडिकेट के संचालकों और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़े लोगों को आरोपी बनाया गया है।

जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन करता था। देशभर में बेटिंग पैनल संचालित किए गए और अवैध कमाई को फर्जी बैंक खातों के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग कर विदेश भेजा जाता था। जांच एजेंसी के अनुसार, अवैध नेटवर्क को संरक्षण देने के लिए कथित तौर पर रिश्वतखोरी का भी सहारा लिया गया।

सीबीआई के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल सहित कई प्रमुख संचालक विदेश में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे हैं। फरार आरोपियों के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस सक्रिय है और उन्हें भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की कानूनी प्रक्रिया भी जारी है। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में नए साक्ष्यों के आधार पर और पूरक चार्जशीट दाखिल की जा सकती हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *