Vidisha News: 30 हजार की घूस लेना पड़ा भारी, निजी कार्यालय से पटवारी को लोकायुक्त ने पकड़ा

Vidisha News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी पारिवारिक भूमि के बंटवारे, नामांतरण और फौती प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, लवकुश मार्ग निवासी प्रमेन्द्र धाकड़ ने 6 जुलाई को भोपाल लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि नटेरन क्षेत्र के पटवारी संदीप यादव भूमि संबंधी प्रकरण का निराकरण करने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

शुक्रवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय के पीछे स्थित आरोपी के निजी कार्यालय में 30 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

लोकायुक्त ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम-2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्रवाई लोकायुक्त भोपाल के अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम द्वारा की गई। मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *