Raipur News: प्रदेश की सबसे खराब सड़कों की होगी प्राथमिकता से मरम्मत, AI डेटा के आधार पर बनेगी कार्ययोजना

Raipur News: छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लेने जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत तथा ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि अब राज्य की प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है। यह तकनीक सड़क पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति का विश्लेषण करेगी, जिससे निगरानी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि AI से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत के लिए चुना जाएगा। इससे बजट का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।

इस नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जाएगी। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक सड़क का AI आधारित निरीक्षण कल से शुरू होगा। प्रारंभिक परिणामों के विश्लेषण के बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और योजना के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *