CG Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अब तक 33 लोगों में मलेरिया की पुष्टि होने के बाद क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने अपने पत्र में बताया कि कोटा क्षेत्र में लगातार मलेरिया के नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने संक्रमण की रोकथाम और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया है।
5 हजार मच्छरदानियां और नियमित स्वास्थ्य शिविर की मांग
विधायक ने स्वास्थ्य मंत्री से प्रभावित गांवों में 5 हजार मच्छरदानियों का वितरण, नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, पर्याप्त मात्रा में दवाइयों और मलेरिया जांच किट उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से संक्रमण को फैलने से रोका जा सकता है।
बेलगहना या केंदा में 108 एंबुलेंस की स्थायी तैनाती की मांग
अटल श्रीवास्तव ने पत्र में बेलगहना या केंदा क्षेत्र में 108 संजीवनी एंबुलेंस की स्थायी तैनाती की भी मांग की है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के कारण मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, इसलिए एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
‘समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति हो सकती है गंभीर’
विधायक ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो मलेरिया का संक्रमण और अधिक फैल सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी, जनजागरूकता अभियान और आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की है।
