Chhattisgarh Janjgir News: जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में साइबर ठगी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक ने अपने ही साथी का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से ₹4,87,911 निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम चांदो निवासी एवं वर्तमान में 11वीं बटालियन जांजगीर में पदस्थ आरक्षक सुधीर कुमार सिंह (41) ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात बैरक में चार्जिंग पर रखा उनका वीवो Y21 मोबाइल चोरी हो गया था। बाद में बैंक पहुंचने पर उन्हें खाते से बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिली। बैंक स्टेटमेंट की जांच में 24 अप्रैल से 3 मई के बीच विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से ₹4.87 लाख की अनधिकृत निकासी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस का संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया, जो घटना के बाद से बैरक से भी गायब था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि उसने चोरी किए गए मोबाइल में मौजूद आधार नंबर की मदद से नई UPI ID बनाई और उसी के जरिए पीड़ित के बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसने चोरी की अधिकांश रकम उसी में खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
