Gariaband News: बारिश से बचने होटल में रुके थे लोग, अचानक भरभराकर ढहा भवन, मची चीख-पुकार

Chhattisgarh Gariaband News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रथयात्रा के दौरान लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। उरमाल बाजार में बारिश से बचने के लिए लोग एक पुराने ईंट-खपरे से बने होटल में रुके हुए थे। इसी दौरान कमजोर हो चुका भवन अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे 9 से अधिक लोग मलबे में दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय होटल के अंदर और आसपास कई लोग मौजूद थे। भवन गिरते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर पांडे ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है, जिसे एक्स-रे और आगे के उपचार के लिए भेजा गया है। जबकि अन्य घायलों को सामान्य चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायलों में रोहित सिन्हा (28 वर्ष, धोरकोट), प्रीतिवास (उरमाल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, उड़ीसा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति तथा दो और चार वर्ष की दो बच्चियां सहित अन्य लोग शामिल हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और भवन ढहने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *