Raipur News: स्वास्थ्य मंत्री से मिला JDA प्रतिनिधिमंडल, स्टाइपेंड बढ़ाने और प्रॉपर्टी मॉर्गेज खत्म करने पर सकारात्मक रुख

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों से जुड़ी 17 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व JDA रायपुर के अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव ने किया। बैठक में जूनियर डॉक्टरों, पीजी रेजिडेंट्स, सीनियर रेजिडेंट्स और एमबीबीएस इंटर्न्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने एमबीबीएस छात्रों पर लागू UG बॉन्ड को अगले शैक्षणिक सत्र से समाप्त करने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया। साथ ही PG बॉन्ड की अवधि दो वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने पर भी सहमति जताते हुए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने की बात कही।

स्वास्थ्य मंत्री ने शासकीय मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के समय प्रॉपर्टी मॉर्गेज की अनिवार्यता समाप्त करने और एमबीबीएस इंटर्न्स, पीजी रेजिडेंट्स व सीनियर रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड में वृद्धि पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इन विषयों पर आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने सेवा शर्तों, प्रशिक्षण व्यवस्था, बॉन्ड नीति, स्टाइपेंड, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक विषयों सहित 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। बैठक के बाद JDA ने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द निर्णय लेकर प्रदेश के मेडिकल विद्यार्थियों और चिकित्सकों को राहत देगी। संगठन ने कहा कि सभी मांगों के समाधान तक वह चिकित्सकों और मेडिकल विद्यार्थियों के हितों की आवाज उठाता रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *