Bilaspur News: कोनी में सरकारी जमीन पर कॉलोनी बसाने का आरोप, जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्ती के प्रशासनिक दावों के बीच बिलासपुर के कोनी क्षेत्र का एक मामला सवालों के घेरे में है। आरोप है कि खसरा नंबर 309/3 की शासकीय भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति सड़क और नाली बनाकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। शिकायत के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग की गई है। आरोप है कि लगभग 18 डिसमिल शासकीय भूमि पर सड़क और नाली का निर्माण कर कॉलोनी का स्वरूप दिया गया तथा नियमों की अनदेखी करते हुए प्लॉटों की खरीदी-बिक्री की गई।

मामले की शिकायत नगर निगम तक पहुंचने के बाद निगम के उपायुक्त ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। हालांकि, शिकायत के करीब एक माह बाद भी मौके की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। स्थानीय लोगों का दावा है कि प्लॉटों की बिक्री अब भी जारी है।

मामला अब एसडीएम कार्यालय तक पहुंच चुका है। बिलासपुर एसडीएम मनीष साहू ने बताया कि प्रशासन को प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़े अतिरिक्त दस्तावेज या जानकारी है तो वह प्रशासन को उपलब्ध कराए। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध प्लॉट बिक्री को रोका जा सकता था। अब यह देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई करता है या नहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *