Raipur News : कोयला कारोबारी के घर 70 लाख की चोरी का पर्दाफाश, नागपुर से रसोइया और साथी गिरफ्तार

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। राजधानी के मोवा स्थित अशोका आइकन कॉलोनी में कोयला कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई करीब 70 लाख रुपये की चोरी का रायपुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले का मास्टरमाइंड कारोबारी के घर में सिर्फ 12 दिन पहले काम पर रखा गया रसोइया निकला, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर चोरी की पूरी रकम और जेवरात बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को कारोबारी परिवार सहित नया रायपुर गया हुआ था। इसी दौरान रसोइया महेंद्र कुमार यादव ने अपने साथी पिंटू यादव उर्फ अभिषेक यादव के साथ मिलकर घर की अलमारी से 51.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, गिन्नियां, सिक्के, दस्तावेज और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने कॉलोनी और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महेंद्र बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों का पीछा किया और आरपीएफ के सहयोग से नागपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पहले से चोरी की साजिश रचने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 70 लाख रुपये का पूरा मशरूका, दो मोबाइल फोन और चोरी से जुड़ा सामान बरामद कर लिया है। दोनों आरोपी बिहार के बांका जिले के निवासी हैं। फिलहाल पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *