Jashpur News: छत्तीसगढ़ का स्प्रिंट स्टार चमका: अनिमेष कुजूर ने 20.46 सेकंड में पूरी की 200 मीटर दौड़, सेमीफाइनल में एंट्री

Chhattisgarh Jashpur News: जशपुर। छत्तीसगढ़ के उभरते धावक अनिमेष कुजूर ने ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अनिमेष ने महज 20.46 सेकंड में दौड़ पूरी कर सभी हीट्स में सातवां सबसे तेज समय दर्ज किया। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार शीर्ष 16 धावकों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है। अब पूरे देश को उनसे पदक की उम्मीद है।

जशपुर जिले के दुलदुला ब्लॉक के गुइटांगर गांव निवासी अनिमेष कुजूर वर्तमान में देश के 200 मीटर और 400 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी हैं। राष्ट्रमंडल खेलों से पहले उन्होंने जर्मनी में आयोजित वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर में 100 मीटर दौड़ 10.14 सेकंड में पूरी कर विदेशी धरती पर सबसे तेज 100 मीटर दौड़ने वाले भारतीय एथलीट बनने का गौरव भी हासिल किया था।

अनिमेष ने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल अंबिकापुर से प्राप्त की। शुरुआती दिनों में उनकी रुचि फुटबॉल में थी, लेकिन कोविड-19 के बाद उन्होंने एथलेटिक्स में कदम रखा। जिला और राज्य स्तर पर लगातार स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2022 में अंडर-23 राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक जीतने के बाद उनके करियर ने नई उड़ान भरी और बाद में वे रिलायंस फाउंडेशन से जुड़ गए।

अनिमेष की उपलब्धियों की सराहना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कर चुके हैं। अब राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में उनकी शानदार दौड़ पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं और छत्तीसगढ़ को उनसे एक और ऐतिहासिक उपलब्धि की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *