Raipur News: फेसबुक पोस्ट से मचा सियासी बवाल: CM के संज्ञान के बाद अनिल द्विवेदी की हुई छुट्टी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर की गई विवादित टिप्पणी छत्तीसगढ़ सरकार की आधिकारिक पत्रिका ‘जनमन’ के संपादकीय सलाहकार डॉ. अनिल द्विवेदी को भारी पड़ गई। बढ़ते राजनीतिक और सामाजिक विवाद के बीच सरकार ने उन्हें उनके पद से हटा दिया है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, सरकार ने उनकी टिप्पणी को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, डॉ. अनिल द्विवेदी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर आरक्षण को लेकर आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणी की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। विभिन्न सामाजिक संगठनों और आरक्षण समर्थकों ने इसे संविधान और आरक्षित वर्गों का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद मामला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान में पहुंचा, जिसके बाद संबंधित पोस्ट हटा दी गई, लेकिन तब तक विवाद काफी गहरा चुका था।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ संवाद ने प्लेसमेंट कंपनी को पत्र लिखकर कहा कि डॉ. अनिल द्विवेदी का कृत्य निविदा की शर्तों के खंड-6 का उल्लंघन है। इसके आधार पर उन्हें सेवा से हटाने की कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि ‘जनमन’ जनसंपर्क विभाग की आधिकारिक पत्रिका है और इस विभाग का प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री के पास है।

इस मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई थी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने विवादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे संविधान और आरक्षित वर्गों का अपमान बताया था। उन्होंने कहा था कि केवल पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं है और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए। बढ़ते विवाद और विपक्ष के दबाव के बीच सरकार ने अंततः डॉ. अनिल द्विवेदी को पद से हटा दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *