Bilaspur News: निर्माणाधीन गौ अभ्यारण्य पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल, फेंसिंग कार्य तत्काल शुरू करने के दिए निर्देश

Chhattisgarh Bilaspur News

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बुधवार को जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत ग्राम जोगीपुर में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण्य का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंश के लिए चारा, स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समय पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं के संरक्षण और देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गौ अभ्यारण्य की चारों ओर फेंसिंग का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फेंसिंग पूरी होने से गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और आसपास के किसानों की फसलों को भी नुकसान से बचाया जा सकेगा।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि जोगीपुर में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण्य 184 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके विकास के प्रथम चरण के लिए 1 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कोटा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार, पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पंचायत प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *