CG Durg News: लूट का विरोध पड़ा भारी! सरपंच पति की हत्या का खुलासा, CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस ने दबोचे आरोपी

Chhattisgarh Durg Crime News: दुर्ग। दुर्ग-धमधा रोड पर लूट के दौरान कांग्रेस नेता एवं सरपंच पति प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के मामले का दुर्ग पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19) सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की देर रात ग्राम तुमाकला निवासी चोवाराम लोधी अपने परिचित भूषण पटेल और प्रकाश सिंह कश्यप के साथ शंकराचार्य अस्पताल जा रहे थे। रात करीब दो बजे दुर्ग-धमधा रोड स्थित जय गजानंद ट्रक श्रृंगार के सामने काले रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक रोक ली।

आरोपियों ने पहले विवाद किया, फिर डंडों से हमला शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रकाश सिंह कश्यप का मोबाइल और नगदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य आरोपियों ने चोवाराम लोधी और उनके साथी से मारपीट कर करीब चार हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्रकाश सिंह कश्यप को मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई, धमधा और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, धारदार हथियार, पाइप, डंडा और लूटी गई नगदी जब्त कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी देर रात सुनसान सड़कों पर राहगीरों को रोककर पहले विवाद करते थे, फिर मारपीट कर लूटपाट करते थे। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर फरार हो जाते थे।

फिलहाल पुलिस ने आदर्श उर्फ लाल (19) सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *