Raipur News: वृंदावन कॉलोनीवासियों ने पेश की मिसाल, चंदा जुटाकर मुरुम-बजरी मंगाई और खुद बनाने लगे सड़क

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। वृंदावन कॉलोनी के नागरिकों ने एकजुटता और सामूहिक प्रयास की मिसाल पेश करते हुए खराब सड़क की समस्या का समाधान खुद करने का बीड़ा उठाया है। सड़क निर्माण के लिए शासन-प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद लंबे समय तक कोई ठोस पहल नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने आपस में राशि जुटाकर सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया।

रहवासियों ने अपने स्तर पर मुरुम, बजरी सहित सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की। इसके बाद कॉलोनी के लोग खुद श्रमदान करते हुए सड़क निर्माण के काम में जुट गए हैं। इस पहल में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं होने के बाद सभी ने मिलकर अपने स्तर पर सड़क बनाने का फैसला लिया। इसके लिए लोगों ने आपस में राशि एकत्रित की और निर्माण सामग्री मंगाकर काम शुरू किया।

इस सामूहिक पहल से सड़क निर्माण का काम आगे बढ़ने के साथ ही कॉलोनीवासियों के बीच आपसी सहयोग और एकजुटता की भावना भी मजबूत हो रही है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी की बुनियादी समस्याओं को दूर करने के लिए वे आगे भी सामूहिक रूप से प्रयास करते रहेंगे।

वृंदावन कॉलोनीवासियों का यह कदम अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक है। नागरिकों ने यह संदेश दिया है कि सामूहिक प्रयास और श्रमदान के जरिए स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है। सड़क के साथ-साथ नाली, साफ-सफाई और अन्य जरूरी विकास कार्यों को लेकर भी इसी तरह मिलकर प्रयास करने की बात कही जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *