Raipur News: दोस्तों से लगी तैरकर पार जाने की शर्त, गहरे पानी में डूबा 24 वर्षीय युवक

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। शहर के माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव के पास स्थित ब्लू वाटर खदान में दोस्तों के साथ तैरने की शर्त लगाना 24 वर्षीय युवक आदिल खान को भारी पड़ गया। घटना को 36 घंटे से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार गहरे पानी में सर्चिंग अभियान चला रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पानी में डूबता दिखाई दे रहा है।

मौदहापारा निवासी आदिल खान बुधवार को तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी। आदिल और उसका एक दोस्त पानी में उतर गए। दोस्त तो तैरकर बाहर निकल आया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

आदिल को डूबता देख उसके दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही माना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम से संपर्क किया। अंधेरा होने और खदान में पानी की अधिक गहराई के कारण रात में सर्च अभियान शुरू नहीं हो सका। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन लगातार प्रयास के बावजूद अभी तक उसका पता नहीं चल पाया है।

पानी की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को सर्चिंग में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीआरएफ के जवान लगातार संभावित स्थानों पर युवक की तलाश कर रहे हैं। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आदिल पानी में तैरते हुए और बाद में गहरे पानी में जाते हुए नजर आ रहा है।

ब्लू वाटर खदान में डूबने की यह पहली घटना नहीं है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वर्ष 2017 से अब तक यहां डूबने की 9 घटनाओं में लोगों की मौत हो चुकी है। आदिल का शव बरामद होने पर यह संख्या बढ़कर 10 हो जाएगी।

31 अक्टूबर 2025 को टाटीबंध के छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के 9 बच्चे स्कूल से बाहर निकलकर ब्लू वाटर खदान पहुंचे थे। नहाने के दौरान जयेश साहू और मृदुल गहरे पानी में डूब गए थे। दोनों के शव अलग-अलग दिनों में बरामद हुए थे।

इससे पहले वर्ष 2017 में 17 वर्षीय सुनैना, मई 2019 में 17 वर्षीय मोहन बाघ, मार्च 2023 में दो युवकों और जून 2023 में नदीम, फैजल व शहबाज की डूबने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद ब्लू वाटर खदान में लोगों के पहुंचने और गहरे पानी में उतरने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *