Surajpur News : 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद, पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो जब्त की

Chhattisgarh Surajpur News : सूरजपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रेमनगर पुलिस ने बोलेरो वाहन से गांजे की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन की तलाशी के दौरान 88 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 44 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध बोलेरो वाहन नजर आया।

पुलिस को देखते ही वाहन चालक ने भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया और ब्रम्हपुर के पास बोलेरो को रोककर आरोपी को पकड़ लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 88 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में सामने आया कि गांजा रायगढ़ की ओर से लाया जा रहा था और उसे बचरापोड़ी की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है।

मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजे की तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपी किस नेटवर्क के जरिए मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहा था।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *