Raipur News: शिक्षण के साथ समाजसेवा में भी सक्रिय डॉ. रात्रि लहरी का विशेष सम्मान

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर मिडटाउन द्वारा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. रात्रि लहरी का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उनके शैक्षणिक कार्यों के साथ सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।

डॉ. रात्रि लहरी गुरुकुल महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की जिला संगठक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ सामाजिक जागरूकता, जनसेवा और समाजहित से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता उन्हें समर्पित शिक्षिका और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान दिलाती है।

शिक्षा और समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण एवं योगदान को देखते हुए क्लब की ओर से उन्हें यह विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल विद्यार्थियों को ज्ञान देने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। डॉ. लहरी अपने कार्यों के माध्यम से इसी भावना को आगे बढ़ा रही हैं।

कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर मिडटाउन की अध्यक्ष श्रद्धा नायक सहित सांत्वना धागट, मंजूषा श्रीश्रीमाल, नीलम कासलीवाल, हेमलता वर्मा, प्रमोद, अनीता वाढेर, संगीता सरावगी एवं नीरा गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. रात्रि लहरी के शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह शिक्षा और समाजसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल बना।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *